March 3, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

सरस मेले का समापन, 11 दिनों में 112 स्टाॅलों पर एक करोड़ का कारोबार

Saras Mela concludes, 112 stalls generate Rs 1 crore worth of business in 11 days
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में लगे 11 दिवसीय सरस मेले का सोमवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समापन किया। उन्होंने प्रदेश में एक करोड़ महिलाओं को लखपति महिला क्लब में शामिल करने और करोड़पति महिला बनने का आह्वान किया। डिप्टी सीएम ने वाराणसी की दो बीमा सखियों मीना देवी व प्रतिभा देवी और दो लखपति महिला शर्मीला देवी व लक्ष्मी वर्मा को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने जिले के 703 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि और 20 समूहों को रिवाॅल्विंग फंड मद में कुल 10.60 करोड़ रुपये का प्रतीकात्मक रूप से चेक उपलब्ध कराया।

इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने दो समूह की महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराते हुए उन्हें प्रमाणपत्र दिया। मेले के समापन कार्यक्रम में सबसे अधिक बिक्री करने के लिए लखीमपुर खीरी के समूह को प्रथम और मिर्जापुर के समूह को द्वितीय पुरस्कार दिया। मेले में कुल 112 स्टाॅल लगाए गए थे और पिछले 11 दिनों में इस मेले से करीब करोड़ का कारोबार हुआ। मेले में सजावटी सामग्री, खाद्य प्रसाद, पीतल की सामग्री, अचार मुरब्बा, लेदर के सामान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कुर्ती, चादर, कालीन, जूट के उत्पाद, मूंज के उत्पाद आदि प्रमुख थे। कार्यक्रम में वाराणसी की अंबाश्री नीलम, झारखंड की रीता देवी, सहारनपुर की कविता देवी और हरदोई की सीमा देवी ने अपनी सफलता की कहानी साझा की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं से प्रेरित होकर दूसरी महिलाएं भी आगे आकर कार्य कर सकें, इसके लिए विभाग योजना बनाए। उप मुख्यमंत्री ने स्टॉल का निरीक्षण कर महिला उद्यमियों से उनके कारोबार के बारे में जानकारी भी ली। मेले की उपलब्धि सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने दिखाई। कार्यक्रम में मेयर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र राय, पूर्व मेयर कौशलेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन सुजीत चौबे एवं धन्यवाद ज्ञापन उपायुक्त स्वत: रोजगार पवन कुमार सिंह ने किया।