March 3, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी रहेंगी, तगड़ी सुरक्षा; न करें ये काम

Anti-Romeo Squad to keep vigil on Holi Plainclothes female police officers will be on duty in varanasi

होली पर सार्वजनिक कार्यक्रमों और गंगा घाटों पर महिलाओं, युवतियों पर जबरन रंग फेंकने, रास्ता रोकने या पीछा करने वालों को महिला पुलिसकर्मी सबक सिखाएंगी। सादे वेश में एंटी रोमियो स्क्वॉड और स्थानीय थाने की पुलिस, पीएसी तैनात रहेगी।

एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि महिलाओं, युवतियों से रंग के नाम पर दुर्व्यवहार करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सिटी कमांड सेंटर से भी निगरानी कराई जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता है। संबंधित थानों की पुलिस के साथ ही पीएसी भी तैनात है। किसी भी महिला, युवती से किसी तरह का दुर्व्यवहार होता है तो तुरंत 1090 या डायल-112 पर शिकायत करें। नजदीकी थाने में महिला हेल्प डेस्क पर महिला आरक्षी से शिकायत करें। एडीसीपी ने अपील की कि रंगों का पर्व सौहार्द और शांति के साथ मनाएं।

रात को नहीं बजेंगे डीजे, शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई
एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने सोमवार दोपहर जोन के सभी थाना प्रभारियों और संभ्रांत जनों के साथ बैठक की। कहा कि 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजेंगे। अश्लील गाने नहीं बजाए जाएंगे। कोई शराब का सेवन नहीं करेगा। शराब पीकर वाहन चलाते मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। किसी अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया के जरिये माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

संवेदनशील क्षेत्रों में डीसीपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार के नेतृत्व में सोमवार शाम होलिका दहन से पहले चेकिंग अभियान चलाया गया। कैंट, रोहनिया और सारनाथ एसीपी ने होलिका स्थान और संवेदनशील होलिका के बारे में जानकारी ली। संवेदनशील होलिका के आसपास पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और होलिका दहन वाले स्थलों पर व्यवस्था का जायजा लिया गया। अराजक तत्व शांति भंग करने की कोशिश करें या संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें।