मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है। होली के दिन जाजमऊ में एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी गर्दन में गहरा कट लगने से 16 टांके आए हैं। चकेरी थानाक्षेत्र के शिवकटरा निवासी जयप्रकाश यादव अपने बहनोई रघुवीर यादव के साथ उन्नाव के झगरपुर गांव जा रहे थे। रघुवीर ने बताया कि जयप्रकाश बाइक चला रहे थे।
जाजमऊ के नए गंगापुल पर पहुंचते ही अचानक जयप्रकाश की गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया। मांझा हेलमेट के शीशे से टकराते हुए गर्दन तक पहुंचा जिससे गहरा कट लग गया। इससे दोनों सड़क पर गिर गए और जयप्रकाश की गर्दन से खून बहने लगा।
तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद उन्हें सर्वोदयनगर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। युवक की भी हालत गंभीर बताई जा रही है।