
कानपुर। कम उम्र में ही विशेष अग्निहोत्री अपनी शानदार बल्लेबाजी से शहर के क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोर रहे हैं। महज 13 वर्ष की उम्र में उन्होंने जूनियर अंडर-13 लीग में दोहरा शतक जड़कर नया कीर्तिमान बना दिया है। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की ओर से आयोजित प्रथम सुनील तिवारी स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता में विशेष अब तक पांच मैचों में 635 रन बना चुके हैं।
डिप्टी पड़ाव निवासी अमित अग्निहोत्री के पुत्र विशेष क्राइस्ट चर्च मैदान में पूर्व क्रिकेटर अरविंद सोलंकी के मार्गदर्शन में क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। उनकी प्रतिभा लगातार निखर रही है और वह अपनी दमदार पारियों से शहर के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। भविष्य में वह भी बिहार के वैभव सूर्यवंशी की तरह क्रिकेट जगत में छाने को तैयारी कर रहे हैं। दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज विशेष जूनियर लीग में शिवा क्रिकेट अकादमी और सीनियर वर्ग में तरुण क्रिकेट एकेडमी की ओर से खेलते हुए नजर आते हैं। 20 फरवरी को आरपीसीए मैदान पर खेले गए मुकाबले में विशेष ने रामापुरम एकादश के खिलाफ विशेष ने 128 गेंदों पर 34 चौकों की मदद से 216 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी ने जूनियर क्रिकेट में दोहरे शतक का नया रिकॉर्ड दर्ज करा दिया। कोच अरविंद सोलंकी के बताते हैं कि विशेष की बल्लेबाजी में तकनीक और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलता है। वह गेंद को अच्छी तरह समझकर शॉट खेलते हैं, जो उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अलग बनाता है। इतना ही नहीं वह बल्लेबाजी के साथ ही ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। जो उन्हें बेहतर ऑलराउंडर की श्रेणी में शामिल करता हैं। विशेष ने बताया कि उन्हें रविंद्रर जड़ेजा व हार्दिक पाण्ड्या ऑलराउंडर में पसंद हैं।
अभी तक की उपलब्धियां
– जूनियर लीग में रामापुरम एकादश के खिलाफ 216 रन की पारी खेली।
– इस प्रतियोगिता के एक मैच में 90 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली।
– सीनियर क्रिकेट लीग में तरुण क्रिकेट क्लब के लिए 57 रन की पारी खेली।
– बल्लेबाजी के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी से भी टीम को मजबूती दे रहे हैं।
