March 6, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

गैस से भरे टैंकर में लगी आग, 45 मिनट तक बंद रहा हाईवे, चालक ने कूदकर बचाई जान

Gorakhpur Fire Accident Gas tanker catches fire

पीपीगंज थाना क्षेत्र में कुशीनगर हाईवे पर कोनी तिराहे के पास बृहस्पतिवार सुबह एलपीजी गैस से भरे टैंकर में आग लगने से हड़कंप मच गया। टैंकर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे इंजन और अगले हिस्से में आग लग गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान एहतियातन हाईवे पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बंगाल से नेपाल जा रहा एलपीजी गैस टैंकर बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे कोनी तिराहे के पास बुलडोजर ढाबा के समीप पहुंचा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से टैंकर के अगले हिस्से और टायर में आग लग गई। देखते ही देखते टैंकर का अगला हिस्सा धूं-धूं कर जलने लगा। घटना के समय टैंकर चला रहे सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के जिगना निवासी चालक दुर्गा प्रसाद ने स्थिति भांपते ही कूदकर अपनी जान बचाई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 को दी

सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र गोलघर से दो फोम टेंडर और एक वाटर टेंडर के साथ फायर स्टेशन अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके अलावा अग्निशमन केंद्र चौरीचौरा से भी एक वाटर टेंडर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए टैंकर के इंजन में लगी आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया और आग को एलपीजी टैंक तक फैलने से रोक लिया।

करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा बच गया। टैंकर में आग लगने की सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा के मद्देनजर करीब 45 मिनट तक हाईवे पर यातायात बंद कर दिया गया। आग बुझने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया। घटना के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।