March 7, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

350 करोड़ से बदलेगी सूरत, पिलर-लेस होगा स्टेडियम; हर सीट से स्पष्ट दिखेगा मैदान

Kanpur Green Park 350 crore rupees to transform stadium making it pillarless every seat will clearly see field

कानपुर शहर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम के जीर्णोद्धार के बाद अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं मिलने की समस्या खत्म हो जाएगी। भविष्य में स्टेडियम पिलर लेस और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे दर्शक को बिना बाधा स्पष्ट मैच देखने को मिलेगा। परियोजना के लिए निर्धारित कुल 350 करोड़ रुपये में शासन ने पहले चरण के निर्माण कार्य के लिए 45 करोड़ रुपये की किस्त स्वीकृत कर दी है, जो अप्रैल में जारी होने की संभावना है। तीन चरणों में स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता बढ़कर लगभग 35,041 की जाएगी

मंडलायुक्त के अनुसार पहले चरण में मीडिया सेंटर, प्लेयर पवेलियन, दर्शक दीर्घाओं और फ्लड लाइटों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इन निर्माण कार्यों के लिए इसी माह के अंतिम सप्ताह तक सभी आवश्यक बैठकें कर ली जाएंगी। इसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया की रूपरेखा को अप्रैल तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। निर्माण कार्य मई-जून के बीच शुरू होने की संभावना है। परियोजना की विस्तृत डीपीआर भी शासन को भेज दी गई है। ग्रीनपार्क के पुनर्निर्माण की प्रगति पर खेल सचिव से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री तक लगातार नजर रख रहे हैं।

पिलर लेस बनाया जाएगा स्टेडियम
मंडलायुक्त ने बताया कि वर्तमान में स्टेडियम कई हिस्सों में विभाजित दिखाई देता है। वीआईपी और डायरेक्ट्रेक्ट पवेलियन में लगे पिलरों के कारण कई दर्शकों को मैच देखने में बाधा आती है। नए डिजाइन में पूरे स्टेडियम को पिलर लेस बनाया जाएगा, जिससे किसी भी सीट से दर्शकों को मैदान का स्पष्ट दृश्य मिल सके। पूरा स्टेडियम एक समान डिजाइन और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। दर्शक दीर्घाओं के नीचे फूड प्लाजा और वीआईपी पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी।

तीन चरणों में होगा निर्माण कार्य
वर्तमान में ग्रीनपार्क स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 32 हजार है। पहले चरण में कुछ पुरानी दीर्घाओं को हटाने के कारण करीब 1500 सीटें कम हो जाएंगी और क्षमता घटकर लगभग 30,500 रह जाएगी। दूसरे चरण में कई और दीर्घाएं हटाई जाएंगी, जिससे करीब 12,500 सीटें कम होंगी और क्षमता 18000 रह जाएगी। इसके बाद नए निर्माण के तहत 15,280 नई सीटें जोड़ी जाएंगी और कुल क्षमता बढ़कर 33,280 हो जाएगी।

ड्रेनेज सिस्टम का भी कुछ कार्य कराया जाएगा
तीसरे और अंतिम चरण में 18 हजार सीटों को हटाकर नए सिरे से निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षमता 15280 रह जाएगी। इस चरण में 19,761 नई सीटें बनाई जाएंगी और स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता बढ़कर लगभग 35,041 हो जाएगी। कार्य को करीब 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम का भी कुछ कार्य कराया जाएगा।