February 19, 2025

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

सीएम ने हमारी सुन ली तो बच गईं दुकानें…खाइये मिठाई

असुरन-पिपराइच फोरलेन: सड़क की चौड़ाई कम होने के आदेश के बाद दिखे सबके चेहरे पर खुशी के भाव
दुकानों पर ग्राहकों का करा रहे मुंह मीठा, सीएम योगी की पहल की हर जगह तारीफ

गोरखपुर। प्रस्तावित असुरन-पिपराइच फोरलेन की चौड़ाई को लेकर सीएम योगी की ओर से मिली राहत के बाद बृहस्पतिवार को असुरन चौराहे पर कुछ अलग माहौल नजर आया। यहां दुकानदारों को न तो दुकान-मकान टूटने की चिंता थी और न ही दुकान बंद कर अफसरों से फरियाद के लिए जाना था। सबके चेहरों पर खुशी का भाव झलक रहा था। हर दुकान पर मिठाई रखी थी और ग्राहकों का मुंह मीठा कराया जा रहा था। ग्राहकों से बातचीत में दुकानदार कहते नजर आए-सीएम साहब ने हमारी सुन ली…आप भी खाइए मिठाई।
असुरन-पिपराइच फोरलेन की सड़क को सात मीटर कम करने के सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश से व्यापारियों में खुशी का माहौल है। 15 दिन पहले जब दुकान और मकान पर तोड़फोड़ के लिए लाल निशान लगाए गए थे, तभी से उनके चेहरे की हवाइयां गुम थीं। रातों की नींद हराम हो गई थी। बस एक ही चर्चा थी। दुकानें टूट जाएंगी तो कारोबार कैसे होगा, लेकिन बृहस्पतिवार उनके जीवन में 15 दिनों बाद सुकून लौट आया।

दोपहर एक बजे थे। असुरन चौराहे का माहौल काफी खुशनुमा लग रहा था। सभी व्यापारियों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी। असुरन चौक के व्यापारी रविकांत गुप्ता की कपड़े की दुकान पर कुछ व्यापारी जुटे थे। रविकांत बोले- चलिए, हम लोगों की भागदौड़ सफल रही। इसी बीच बेकरी की दुकान के मालिक अभिषेक गुप्ता ने कहा कि हमने तो अपनी दुकान पर आर्डर लेना बंद कर दिया था। बस यही चिंता खाए जा रही थी कि दुकान टूट जाएगी तो आगे क्या करेंगे। परिवार का खर्चा कैसे चलाएंगे, लेकिन अब चिंता दूर हो गई है। पूरा परिवार बहुत खुश है।

कुछ दूरी पर छाया टाकीज गेट के बगल में व्यापारी रिजवान की दुकान पर आने वाले ग्राहकों का मुंह मीठा कराया जा रहा था। रिजवान से जब बात की गई तो वह भावुक हो गए। उनकी आंखें खुशी से भर आईं। बोले-हमने तो दुकान के बचने की आस ही छोड़ दी थी। पूरा परिवार सदमे में था, लेकिन बुधवार को जैसे ही मुख्यमंत्री ने हमारी फरियाद सुनी और सड़क पतली करने का निर्देश दिया, यकीन मानिए इससे बड़ा तोहफा हमारे लिए कुछ नहीं हो सकता है। लगा जैसे जीवन की बहुत बड़ी जंग जीत ली हो।

यकीन नहीं हो रहा कि हमारा मकान अब नहीं टूटेगा

असुरन से पादरी बाजार मार्ग पर कई घरों में रौनक दिखी। राप्ती कांप्लेक्स के बगल में कृष्ण कुमार सिंह की पुश्तैनी मकान है। तीन भाइयों का संयुक्त परिवार रहता है, जिसमें लगभग 12 सदस्य हैं। बृहस्पतिवार को पूरा परिवार एक कमरे में बैठकर खुशियोंं को साझा कर रहा था। कृष्ण कुमार सिंह ने कहा-मकान टूटने की चिंता में रात की नींद गायब हो गई थी। उनकी पत्नी प्रीति सिंह ने कहा कि हमारा मकान बच गया, विश्वास नहीं हो रहा है। बेटे युवराज सिंह ने कहा कि सभी को समझा रहे थे पर हमें भी चिंता थी, जिसे हम जाहिर नहीं होने दे रहे थे।

बोले व्यापारी
जबसे पता चला कि दुकान का आधा हिस्सा सड़क की जद में है, सभी लोग बेचैन हो गए थे। कुछ समझ में नहीं आ रहा था। सीएम योगी का हम दिल से आभार प्रकट करते हैं कि उन्होंने हमारा कारोबार बचा लिया।
– राजेश कुमार श्रीवास्तव
47 वर्षों से हमारी रोजी-रोटी इस दुकान से चल रही है। पूरा परिवार 15 दिनों से सदमे में था। अब जाकर राहत की सांस ली है। हम व्यापारियों को नया जीवन मिला है।
– अजीत कुमार सिंह
मेरी मेडिकल स्टोर बहुत पुरानी है। सड़क चौड़ीकरण की खबर सुनकर हम लोग परेशान हो गए थे। नाश्ता-भोजन कुछ अच्छा नहीं लग रहा था। सीएम योगी का आदेश सुनने के बाद हम लोग बहुत खुश हैं।
– कृष्ण कुमार सिंह, व्यापारी, असुरन चौक
सीएम योगी ने व्यापारियों की पीड़ा को समझा है और बड़ा निर्णय लेकर हमें संबल दिया है। वरना कई दिनों से हमें चिंता सता रही थी। परिवार में सभी पूछते थे अब क्या होगा तो इसका जवाब मेरे पास नहीं था। आज कैसे धन्यवाद दें, समझ में नहीं आ रहा।
– देवेंद्र प्रताप सिंह
सीएम के इस ऐतिहासिक निर्णय की कल्पना भी हम नहीं कर पा रहे हैं। यकीन नहीं हो रहा है कि अब हमारी दुकान व मकान नहीं टूटेगा। पूरा व्यापारी समुदाय आज खुशियों की दिवाली मना रहा है।
– राज रतन सिंह

हमारी दुकान टूटने से बचाने वाले ही हम सभी के अभिवावक हैं। अगर दुकानें टूटतीं तो हमारी रोजी-रोटी नहीं चल पाती। भगवान ने हमारी प्रार्थना को सुन लिया।
– अनुज गुप्ता
——-

पादरी बाजार में भी व्यापारियों ने मनाई खुशी

गोरखपुर। पादरी बाजार में बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने असुरन से पिपराइच तक की सड़क की चौड़ाई कम करने के निर्णय पर खुशी जताई। पादरी बाजार व्यापार मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने अपनी खुशी का इजहार किया।

व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काे धन्यवाद दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुधीर जायसवाल ने कहा कि सीएम ने व्यापारियों की पीड़ा को देखते हुए असुरन से पिपराइच तक बनने वाली फोरलेन सड़क की चौड़ाई को घटाकर 20.5 मीटर करने का निर्देश दिया है। इसके लिए हम उनके आभारी रहेंगे।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुधीर जायसवाल , उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंघानिया, महामंत्री सतीश सिंह, पार्षद रितेश सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान राजेश शर्मा, रामकिशन गुप्ता, गोल्डन जायसवाल, मनीष गुप्ता, प्रवीण जायसवाल, सूरज सिंह आदि उपस्थित रहे।