October 18, 2025

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

गोंडा: थाना खोड़ारे में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं-बालिकाओं को जागरूक किया, हेल्पलाइन नंबर्स व पंपलेट वितरित

गोंडा, 18 अक्टूबर 2025

 

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद गोंडा में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में थाना खोड़ारे की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने आज ग्राम फतेपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिलाओं, बालिकाओं और ग्रामीणों को छेड़छाड़, शोषण, दहेज उत्पीड़न, बाल अपराध तथा एसिड अटैक जैसे अपराधों की रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान 5.0 की विशेषताओं के बारे में बताया। इसके अलावा, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। ग्रामीणों को प्रत्येक थाने पर स्थापित ‘मिशन शक्ति केंद्र’ की जानकारी दी गई, जिससे वे आसानी से सहायता प्राप्त कर सकें। महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर्स जैसे यूपी आपातकालीन सेवा-112, विमेन पावर लाइन-1090, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्डलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में जागरूक किया गया। पंपलेट वितरित कर इन सेवाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।

विद्यालय न जाने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं की समस्याओं को सुनने के साथ-साथ फीडबैक फॉर्म भी भरवाए गए, ताकि भविष्य में और बेहतर कदम उठाए जा सकें। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि यह अभियान महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। ‘जागरूक रहें, सुरक्षित रहें’ का संदेश देते हुए उन्होंने सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।

 

इस अवसर पर थाना खोड़ारे से उप निरीक्षक ज्ञानेंद्र शुक्ला, आरक्षी नितेश शाव, आरक्षी आदर्श वर्मा, महिला आरक्षी वंदना अग्निहोत्री तथा महिला आरक्षी शिखा चौधरी उपस्थित रहीं। मिशन शक्ति अभियान जनपद भर में जारी रहेगा, जिससे महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा मजबूत हो सके।

               रिपोर्ट- आफताब खान