झांसी ब्यूरो
झांसी के बड़ागांव क्षेत्र में प्रेम प्रसंग में आई दरार से दुखी एक 22 वर्षीय युवक ने जिम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव शनिवार सुबह जिम के पंखे से लटका मिला। घटनास्थल से पुलिस को चार पृष्ठों का सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने अपनी प्रेम कहानी की नाकामी का जिक्र किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेमिका से दूरी बनी मौत की वजह बड़ागांव थाने के पीछे रहने वाले अस्मित कुमार (22) पुत्र अवधेश कुमार स्थानीय एचटूओ फिटनेस जिम में ट्रेनर का काम करते थे। साथ ही वे 12वीं कक्षा के छात्र भी थे। परिजनों के अनुसार, अस्मित का एक युवती से प्रेम प्रसंग था, लेकिन हाल के दिनों में युवती ने उनसे दूरी बना ली थी। इसी मानसिक पीड़ा से वे काफी परेशान चल रहे थे।
शुक्रवार रात अस्मित मोहल्ले में आयोजित बर्थडे पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी से लौटने के बाद वे घर आए, लेकिन कुछ देर बाद जिम चले गए। जिम की चाबी उनके पास ही रहती थी, इसलिए वे अक्सर देर रात तक वहां रुक जाते थे।
सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप शनिवार सुबह करीब सात बजे जिम जाने वाले लोगों ने दरवाजा अंदर से बंद देखा। खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों को सूचना दी गई। पिता और अन्य परिवारजन पहुंचे और पुलिस को बुलाया। दूसरे रास्ते से जिम के अंदर घुसकर देखा तो अस्मित का शव मफलर के सहारे पंखे से लटका था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारा और तलाशी ली। जिम में ही चार पेज का सुसाइड नोट मिला। नोट में अस्मित ने अपनी प्रेमिका से जुड़ी तमाम बातें लिखी हैं। उन्होंने लिखा, “तुम्हारे बिना जिंदगी अधूरी… मैंने तुझे पाने की हर कोशिश की, लेकिन कुछ लोगों ने हमें अलग कर दिया। जो प्यार मैंने तुझसे किया, वो किसी और से नहीं किया। जो तू मेरी हो जाती तो मैं तेरा जीवन अपना लेता। अब मेरे अंदर हौसला नहीं बचा कि तेरे बिना जी सकूं।”
नोट में आगे लिखा है कि उन्होंने रिश्ता निभाया, लेकिन दूसरी तरफ से नहीं निभाया गया। आखिर में उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि यह नोट उनकी प्रेमिका तक पहुंचाया जाए। जिम मालिक हिमांशु भाई को भी संबोधित करते हुए लिखा कि उन्होंने आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन समय उनके खिलाफ था। अपनी मौत की जिम्मेदारी खुद ली और किसी को दोषी नहीं ठहराया।
परिवार में कोहराम अस्मित दो भाइयों में छोटे थे और अविवाहित। मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां ऊषा देवी सदमे में अचेत हो गईं। सीओ रामवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या की बात सामने आई है। सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
टीईटी अनिवार्य किए जाने के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन
सर्द-गर्म मौसम से बिगड़ रही सेहत, 10-15 दिन में ठीक हो रही खांसी
प्याज की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे शराब, दो गिरफ्तार