गोरखपुर, 24 दिसंबर 2025
सहजनवां थाना क्षेत्र के कुआनवल कला गांव में एक 26 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विकास यादव पुत्र स्वर्गीय श्री प्रकाश यादव के रूप में हुई है। मंगलवार रात करीब 9 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति के फोन कॉल पर वह घर से निकला था और बुधवार सुबह उसका शव गांव के बाहर जोगिया कोल कटाईटीकर मार्ग के पास खेत में मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
परिजनों ने बताया कि विकास घर से निकलते समय अपनी मां से जल्द लौटने की बात कहकर गया था, लेकिन रात भर वापस नहीं आया। मोबाइल पर कॉल करने पर भी फोन नहीं लगा। पूरी रात तलाश करने के बाद सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्य
सूचना पर पहुंची सहजनवां पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और गीडा क्षेत्र के सीओ के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। खेत में संघर्ष के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि विकास के साथ मारपीट हुई और उसी से उसकी मौत हुई। मौके से मृतक का मोबाइल फोन, चाबी, सड़क किनारे गमछा और चप्पल बरामद हुए हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक (नॉर्थ) ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विकास को किसी ने फोन करके घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। मामले का खुलासा करने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और ग्रामीण आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

More Stories
काशी में इस दिन मनाई जाएगी होली, विशेषज्ञ बोले- चंद्रग्रहण के चलते बदला रंग खेलने का समय
काशी में 15 से 20 लोगों के बीच ही खेली जा सकती है मसाने की होली, वजह जान लें
नदी में युवक समेत दो का मिला शव, इलाके में सनसनी- एक की हुई पहचान; दूसरा अभी भी ‘अंजान