February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

मैरी क्रिसमस: गोरखपुर में धूमधाम से मनाया प्रभु यीशु का जन्मोत्सव, आस्ट्रेलिया से आए मेहमान भी शामिल

गोरखपुर, 25 दिसंबर 2025:

गोरखपुर में क्रिसमस का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न चर्चों में रात भर प्रार्थना सभाएं, कैरोल गायन और मिडनाइट सर्विस हुईं। आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में केक काटा गया, आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को गले लगाकर बधाइयां दी गईं। चर्चों को रंग-बिरंगी लाइटों, गुब्बारों और क्रिसमस ट्री से सजाया गया था, जो रात में जगमग कर रहे थे।

सेंट जॉन्स चर्च बशारतपुर में खास उत्सव सेंट जॉन्स चर्च बशारतपुर को विशेष रूप से सजाया गया था। गुब्बारों से गेट बनाया गया और प्रभु यीशु के जन्म की झांकियां सजाई गईं। रेव्ह संजय विन्सेन्ट के नेतृत्व में शाम 11 बजे से विशेष आराधना शुरू हुई। लोगों ने ‘गुनाहगारों को देने सहारा आया चरनी में तारणहारा’, ‘देखो चरनी में यहुदा नगरी में तुम्हारे लिए जन्मा सितारा’ जैसे मनमोहक गीत गाए। ठीक 12 बजे मसीहा के आगमन की खुशी में केक काटा गया, कॉफी पी गई और आतिशबाजी की गई। रेव्ह संजय ने विश्व शांति और देश की तरक्की की प्रार्थना की।

आस्ट्रेलिया से आए मेहमान उत्साहित आस्ट्रेलिया के टेंट हिल शहर निवासी टैड स्टूब्बेर्स फील्ड (बाइबल थियोलॉजी में मास्टर डिग्री धारक) अपने मित्र ग्राहम के साथ भतीजी से मिलने और क्रिसमस मनाने गोरखपुर आए। सेंट जॉन्स चर्च में भतीजी के परिवार के साथ उन्होंने उत्सव में हिस्सा लिया और बेहद उत्साहित नजर आए।

अन्य चर्चों में भी धूम सेंट जोसेफ महागिरिजाघर में फादर सीबीचन ने प्रार्थना कराई और यीशु के जन्म की झांकियां दिखाई गईं। क्राइस्ट चर्च शास्त्री चौक में डिकन डीआर लाल ने उद्धार का संदेश दिया। सेंट मार्क चर्च पादरीबाजार में रेव्ह अजीत लॉरेंस ने दिव्य दर्शन की महत्ता बताई। मसीही कलिसिया असुरन चौक, सेंट मर्टिन चर्च खरैया समेत कई जगहों पर मिडनाइट सर्विस हुई। नायक इंटर कॉलेज में भी शाम को विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए।

सोशल मीडिया पर बधाइयों की बौछार रात 12 बजते ही सोशल मीडिया पर ‘मैरी क्रिसमस’ के संदेशों की बाढ़ आ गई। लोग फेसबुक और व्हाट्सएप पर एक-दूसरे को बधाई दे रहे थे।

आज सुबह भी प्रार्थनाएं क्रिसमस के मौके पर आज सुबह भी कई चर्चों में प्रेयर सर्विस होगी। सेंट जोसेफ और सेंट एंथोनी चर्च में सुबह 8:30 से, क्राइस्ट चर्च में 9:30 बजे और सेंट जॉन्स में 9 से 10 बजे के बीच प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएंगी।

शहरवासियों ने प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और विश्व में अमन-चैन की कामना की। मैरी क्रिसमस!