गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माणाधीन NCC ट्रेनिंग एकेडमी को गोरखपुर सहित पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की परियोजना बताया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि समयबद्धता और गुणवत्ता में किसी तरह की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दिए निर्देश रविवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी ताल कंदला स्थित निर्माणाधीन NCC ट्रेनिंग एकेडमी पहुंचे। उन्होंने एकेडमी के मॉडल और ड्राइंग मैप का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निर्माणाधीन भवनों का भ्रमण कर भौतिक प्रगति का जायजा लिया। हॉस्टल, स्टाफ आवास और मेस के निर्माण को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से पर्यवेक्षण करते रहें।
कार्यदायी संस्था ने बताया कि अब तक 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और निर्धारित समयसीमा जून 2026 तक इसे लोकार्पण के लिए तैयार कर लिया जाएगा।
47.88 करोड़ की लागत से बन रही आधुनिक एकेडमी ताल कंदला में 10 एकड़ भूमि पर बन रही इस एकेडमी का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी ने 9 मार्च 2024 को किया था। निर्माण कार्य जून 2024 से शुरू हुआ। कुल लागत 47.88 करोड़ रुपये है। कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज, जल निगम यूनिट-42 गोरखपुर है।
एकेडमी में प्रशासनिक भवन, 150 बालक और 100 बालिका कैडेट्स की क्षमता वाले हॉस्टल, डायनिंग हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, विद्युत स्टेशन, आउटडोर मल्टीएक्टिविटी एरिया, 50 मीटर शूटिंग रेंज, ड्रिल प्रैक्टिस पथ, फुटबॉल फील्ड, ऑब्स्टेकल कोर्स आदि सुविधाएं होंगी। इसके अलावा 7.17 करोड़ रुपये से चहारदीवारी, संतरी पोस्ट, गार्ड रूम और हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।
पूर्वांचल के 11 जिलों के कैडेट्स को मिलेगा लाभ एनसीसी गोरखपुर ग्रुप पूर्वी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों- गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोड़ा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच का प्रतिनिधित्व करता है। यहां जुड़े स्कूल-कॉलेजों के कैडेट्स को सालाना 25-30 प्रशिक्षण शिविर, थल सेना कैंप, इंटर ग्रुप कॉम्पिटिशन, गणतंत्र दिवस परेड तैयारी और सामाजिक गतिविधियों का लाभ मिलता है। यह एकेडमी इन कैडेट्स के लिए बड़ा प्रशिक्षण केंद्र बनेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों से निर्माण कार्य में और तेजी आने की उम्मीद है।

More Stories
टीईटी अनिवार्य किए जाने के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन
सर्द-गर्म मौसम से बिगड़ रही सेहत, 10-15 दिन में ठीक हो रही खांसी
प्याज की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे शराब, दो गिरफ्तार