February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

कानपुर: निराला नगर रेलवे ग्राउंड में पेट्रोल पंप कर्मी का नग्न शव मिला, हत्या की आशंका गहराई

कानपुर निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड में सोमवार सुबह एक युवक का नग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने आए लोगों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

शव की पहचान और परिजनों का बयान शव के पास बाइक खड़ी मिली, जिसके नंबर से मृतक की पहचान संजय नगर बस्ती निवासी 32 वर्षीय राहुल अवस्थी के रूप में हुई। पास ही उनके कपड़े, पेट्रोलियम कंपनी की जैकेट और चप्पलें पड़ी थीं। परिजनों ने बताया कि राहुल रमईपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर कर्मचारी थे। रविवार रात वह घर नहीं लौटे थे, जिससे परिवार चिंतित था। राहुल की शादी तीन साल पहले हुई थी और उनकी पत्नी नौरैया खेड़ा की एक फैक्ट्री में नौकरी करती हैं। दंपति के कोई संतान नहीं है।

पुलिस की कार्रवाई सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाने की पुलिस के साथ डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी साउथ योगेश कुमार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात संदिग्ध हैं, हत्या से इनकार नहीं किया जा सकता। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और राहुल के आखिरी संपर्कों की छानबीन कर रही है। मामले की गहन जांच जारी है।