February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

कानपुर: पहली पत्नी की हत्या के बाद गर्भवती दूसरी पत्नी को तवा-बेलन से कुचलकर मार डाला, आरोपी फरार

कानपुरगोविंदनगर थानाक्षेत्र के गुजैनी में बर्बरता की हद पार कर दी गई। आरोपी पति संजय कुमार ने अपनी चार माह गर्भवती दूसरी पत्नी रोशनी देवी की तवा और बेलन से चेहरा कुचलकर हत्या कर दी। रविवार को शव का पैनल पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चेहरे पर सात से अधिक गंभीर चोटें और सिर की हड्डियां चकनाचूर मिलीं। अत्यधिक रक्तस्राव से मौत होने की पुष्टि हुई है। चौंकाने वाली बात यह कि संजय अपनी पहली पत्नी की भी हत्या कर चुका है, जिसके लिए वह जेल जा चुका था।

पोस्टमार्टम में खुली बर्बरता की कहानी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रोशनी के भाई राहुल और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि संजय अपनी पत्नी को तीन-तीन दिन तक भूखा रखता था। शव के पास से खून से सना तवा और बेलन बरामद हुआ था। पुलिस जांच में पता चला कि रोशनी मौत के समय चार माह की गर्भवती थी।

शादी के बाद शुरू हुआ विवाद संजय कुमार की दूसरी शादी 8 दिसंबर 2024 को रेऊना अकबरपुर झवैया निवासी 25 वर्षीय रोशनी देवी से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही झगड़े शुरू हो गए। 21 नवंबर को संजय ने रोशनी को जलाने की कोशिश की थी, जिस पर रोशनी की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच भी की। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद संजय अपनी मां और पहली पत्नी से एकलौती बेटी को लेकर अलग रहने लगा। रोशनी अपने भाई राहुल के पास चली गई थी। मंगलवार को संजय समझौते के लिए आया और पत्नी को साथ ले गया।

शुक्रवार शाम राहुल ने बहन से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। अगले दिन घर पहुंचा तो बाहर से ताला लगा था। पुलिस को सूचना दी गई। ताला तोड़कर अंदर गए तो पहली मंजिल पर रोशनी का रक्तरंजित शव मिला।

आरोपी की तलाश तेज डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि संजय की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। पैतृक गांव रेऊना दहेली, कानपुर देहात के पुखरायां ननिहाल और अन्य रिश्तेदारों के यहां छापेमारी की गई। रविवार देर शाम संजय का मोबाइल कुछ देर के लिए ऑन हुआ तो लोकेशन हमीरपुर मिली। टीम वहां रवाना हो गई है। जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।

यह मामला घरेलू हिंसा की गंभीरता को उजागर करता है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।