गोरखपुर नगर निगम के आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर ठग ने निगम कर्मचारी से रुपये मांगने की कोशिश की। ठग ने आयुक्त की फोटो लगाकर मैसेज शुरू किया और ऑनलाइन बैंकिंग में समस्या का बहाना बनाकर पैसे ट्रांसफर करने को कहा। सतर्क कर्मचारी ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी, जिससे ठगी का प्रयास नाकाम हो गया।
जानकारी के अनुसार, ठग ने एक कर्मचारी को मैसेज भेजा – ‘हेलो आप कैसे हैं और इस समय कहां हैं?’ कर्मचारी ने जवाब दिया कि मैसेज देर से देखने के लिए माफी चाहता हूं सर, क्या आदेश है बताएं। इसके बाद ठग ने कहा कि मुझे आपसे एक जरूरी काम करवाना है। मेरी ओर से किसी एग्जीक्यूटिव प्रॉस्पेक्ट्स अकाउंट में कुछ राशि जमा कर दें, क्योंकि मेरी ऑनलाइन बैंकिंग में समस्या आ रही है। बाद में वापस कर दूंगा। अकाउंट डिटेल्स भेजने की बात कही।
कर्मचारी ने संदेह होने पर उच्चाधिकारियों को बताया, तब पता चला कि यह फर्जी अकाउंट है। प्राथमिक जांच में नंबर वियतनाम का पाया गया। यह दूसरी बार है जब आयुक्त के नाम से ऐसा फ्रॉड हुआ है। एक साल पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने सभी कर्मचारियों से ऐसे फर्जी मैसेज पर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मैसेज को तुरंत रिपोर्ट करें और ब्लॉक कर दें। मामले की शिकायत पुलिस को कर दी गई है। साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों में अधिकारियों की नकल करके ठगी आम हो रही है। लोग किसी भी अनजान नंबर से पैसे ट्रांसफर करने से पहले सत्यापन जरूर करें।

More Stories
मेहरबान सिंह पुरवा में दंगल…खुद अखाड़े में उतरे डिप्टी CM बृजेश पाठक; माइक थामकर की कॉमेंट्री
रणजी ट्रॉफी से उत्तर प्रदेश का पुलिंदा बंधा: झारखंड ने रिकॉर्ड पारी और 301 रन से जीता मुकाबला
धार्मिक मामलों में राजनीतिक दखल से बढ़ रहे विवाद…’ अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर मायावती की चिंता