February 1, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

डीडीयू में दो छात्रों के बीच हाथापाई, किया बीच-बचाव; विधि के छात्र को कैंपस में पीटा

Two students got into a scuffle at Gorakhpur DDU, and the two intervened.

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मेन ग्राउंड में शुक्रवार को दो छात्रों के बीच हाथापाई हो गई। इस दौरान वहां मौजूद अन्य छात्रों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। किसी पक्ष ने विश्वविद्यालय या पुलिस प्रशासन से शिकायत नहीं की है।

बताया जा रहा है कि छात्रों के एक समूह की ओर से यूजीसी के नए नियमों के समर्थन में ग्राउंड में सभा का आयोजन किया गया था। सभा स्थल से थोड़ी दूरी पर 15-20 युवक खड़े थे। उन्हीं में से दो छात्र किसी बात पर आपस में भिड़ गए। वहां मौजूद अन्य लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। इस दौरान सभा भी बंद करनी पड़ी।

सभा कर रहे छात्रनेता भी पहुंचे और मामला शांत कराया। वहां मौजूद कुछ छात्रों ने बताया कि आपस में झगड़ने वाले दोनों छात्र यूजीसी के नए नियम के समर्थन में वहां पहुंचे थे। किसी निजी बात को लेकर आपस में भिड़ गए।

विधि के छात्र को कैंपस में पीटा
शुक्रवार की शाम विधि विभाग के परिसर में विभाग के एक छात्र को कुछ युवकों ने मिलकर बुरी तरह से पीट दिया। छात्र का कान फट गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र बीए एलएलबी छठे सेमेस्टर में पढ़ता है। घायल छात्र ने हमला करने वालों के बारे में कुछ भी बताने या शिकायत करने से मना कर दिया।

ग्राउंड में मारपीट के संबंध में किसी ने शिकायत नहीं की है। विधि विभाग के पास हुई मारपीट में घायल छात्र ने किसी भी आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। छात्र शिकायत करता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी: डॉ. टीएन मिश्र, नियंता, डीडीयू