February 19, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

समान वेतन के लिए सड़कों पर उतरे छह सौ से अधिक कर्मचारी, कमिश्नर आवास तक निकाली रैली

More than six hundred employees took to the streets demanding equal pay in haldwani

हल्द्वानी में जल संस्थान के संविदा कर्मियों ने समान कार्य समान वेतन जैसी मांगों के लिए बुद्ध पार्क में धरना दिया। कुमाऊं भर से पहुंचे 600 कर्मचारियों ने कमिश्नर आवास तक रैली निकाली और मांगों पर सुनवाई न होने पर मार्च में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ के बैनर तले बुधवार को कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान हुई सभा में 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कर्मियों को नियमित किए जाने, पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट श्रीनगर में 38 और पिथौरागढ़ में हटाए गए तीन कर्मचारियों को बहाल किए जाने जैसी मांगें उठाईं। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने कमिश्नर आवास तक रैली निकाली लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मांगों पर सुनवाई न होने पर अगले महीने में प्रदेश भर के करीब 3500 कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। इससे जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी। वहां संघ के संरक्षक गणेश नाथ गोस्वामी, श्याम सिंह संभल, दयाकिशन कांडपाल, सुरेश चंद्र पनेरू, प्रकाश चंद्र शर्मा, पान सिंह चिलवाल, देवेंद्र सिंह बिष्ट आदि थे।

इन्होंने दिया समर्थन

जल संस्थान संविदा कर्मियों को उत्तराखंड ऊर्जा आउटसोर्स श्रम संगठन के साथ ही विधायक सुमित हृदयेश, यूकेडी युवा इकाई के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी, पूर्व राज्यमंत्री हरीश पनेरू ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया।

लीकेज बनाने और लाइनों की मरम्मत के कार्य ठप

जल संस्थान के संविदा कर्मियों के धरना-प्रदर्शन के चलते कुमाऊं भर में फील्ड कार्य ठप हो गए। हल्द्वानी में फिल्टर प्लांट के वॉल्व खोलने, ट्यूबवेलों और लाइनों से जलापूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। ईई आरएस लोशाली ने बताया कि कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन में प्रतिभाग करने से शहर में कई स्थानों पर लीकेज सुधारने, पाइप लाइन मरम्मत जैसे कार्य प्रभावित हुए हैं।