February 23, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

सीसीटीवी कैमरों की खरीद में 70 लाख का खेल, जांच के आदेश

70 lakh scam in purchase of CCTV cameras, inquiry ordered
श्रावस्ती। ग्राम पंचायतों में लगाए गए सोलर संचालित सीसीटीवी कैमरों की खरीद में 70 लाख से अधिक के घोटाले का आरोप लगा है। लोजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पाठक ने आरोप लगाया कि वास्तविक कीमत से लगभग 18,201 रुपये अधिक की दर से कैमरों की खरीद की गई है। उनकी शिकायत का संज्ञान लेते हुए पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने निदेशक पंचायती राज को जांच के आदेश दिए हैं।
शपथ पत्र के साथ दाखिल की गई शिकायत में लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पाठक ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायतों में विभिन्न फर्मों के माध्यम से हाई एक्सक्योर कंपनी से सोलर संचालित कैमरों की खरीद की गई है। कैमरों का मॉडल एचएक्स एसडी40एल3-एसएलआर 4जी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस कैमरे को ग्राम पंचायतों में 23,500 रुपये की दर से खरीदा गया है, जबकि ऑनलाइन कीमत बहुत कम है। इसी मॉडल के कैमरे को उन्होंने 5,299 रुपये में खरीदा है। कोई भी इसी दर से खरीद सकता है, जबकि पंचायतों में इसे 18,201 रुपये अधिक दिखाकर 23,500 में खरीदा गया है।

इस मामले की जांच के लिए पंचायती राज मंत्री, निदेशक पंचायती राज व डीएम से शिकायत की गई थी। पंचायती राज मंत्री ने बड़े स्तर पर हुए इस घोटाले की जांच के आदेश दिए हैं।
जिले की सभी 397 ग्राम पंचायतों में सुरक्षा के लिए कैमरे लगवाए गए हैं। फर्में अलग-अलग होने के बावजूद, सभी ने कैमरों की कीमत 23,500 रुपये ही दिखाई है, जो बड़ा सवाल है। लोजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पंचायती राज विभाग ने सुनियोजित तरीके से कैमरों की कीमत तय की और फिर एक रेट निर्धारित कर सभी को उसी रेट पर खरीदने के लिए निर्देशित कर दिया।

विभागीय सूत्रों के अनुसार ग्राम पंचायतों में लगाए गए कैमरे वाईफाई से चलते हैं, इनका रिचार्ज होना जरूरी है। कैमरों की माॅनीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। बावजूद इसके महीनों से कैमरे रिचार्ज नहीं कराए गए, जिसके कारण इनका संचालन भी ठप है।

मेरे संज्ञान में ऐसी कोई शिकायत नहीं है। अगर ऐसा कोई मामला या शिकायत है, तो नियमानुसार जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।
-शाहिद अहमद, सीडीओ