February 23, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

होली के रंग में रंगने लगे सीमावर्ती क्षेत्र के बाजार

The markets of the border area started getting colored in the colors of Holi.
रुपईडीहा। सीमावर्ती कस्बे में भी होली की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में रंग, अबीर-गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सजने लगी हैं। मुख्य बाजार और आसपास के इलाकों की दुकानों में तरह-तरह के रंग और आकर्षक पिचकारियां सजा दी गई हैं।

अबीर-गुलाल और पिचकारी बेचने वाले सोनू और सूरज ने बताया कि इस बार हर्बल अबीर-गुलाल और रंगों की मांग पहले की अपेक्षा काफी बढ़ी है। लोगों में केमिकल-मुक्त रंगों के प्रति जागरूकता बढ़ने से ऑर्गेनिक उत्पाद अधिक पसंद किए जा रहे हैं।

बताया कि सामान्य पिचकारी की तुलना में आकर्षक डिजाइन वाली पिचकारियां, विशेषकर बंदूक और टैंक के आकार की पिचकारियां अधिक पसंद की जा रही हैं। इसके साथ ही सुगंधित गुलाल की मांग भी बाजार में बनी हुई है।

दुकानदारों के अनुसार सादा/ऑर्गेनिक गुलाल 95 से 200 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। वहीं ऑर्गेनिक/हर्बल रंगों का औसत दाम 270 से 320 रुपये प्रति किलो है। कुछ ब्रांडेड और पैक्ड रंग एक किलो के पैक में 400 से 500 रुपये तक बेचे जा रहे हैं।

उधर, होलिका दहन और होली की तैयारियों को लेकर प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा रमेश सिंह रावत ने बैठक कर लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ होली मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद से दूर रहें।