February 24, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

नशे में धुत पोते ने संपत्ति के लालच में की थी दादी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Drunk grandson murdered grandmother for property, accused arrested

थाना क्षेत्र के असवनपार इलाके के पूरे गांव में पूर्व प्रधान की मुटुर यादव की पत्नी सोनमति देवी (80) की हत्या उनके ही पोते ने संपत्ति के लालच में की थी। पुलिस ने मामले में रविवार को मृतका के पोते जय गोविंद को गिरफ्तार कर लिया। जय गोविंद, सोनमति देवी के बड़े बेटे का बेटा है। दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया

पूर्व प्रधान की पत्नी सोनमति देवी अपने बड़े बेटे राममिलन के परिवार के साथ रहती थी। शुक्रवार रात वह छप्पर में चारपाई पर सोई थीं। पास ही उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी कुसुम भी सो रही थी। शनिवार सुबह सोनमति चारपाई के नीचे गिरी मिली और उनके शरीर पर चोट के निशान थे।

गांव के दूसरे मकान में रह रही छोटी बहू उषा ने पुलिस को हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को सूचना दे दी थी। देर शाम पुलिस ने छोटी बहू की तहरीर पर राममिलन व उसके परिवार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरु की थी।

एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि जयगोविंद के मन में अपनी दादी सोनमति देवी के प्रति लंबे समय से नाराजगी थी। उसका मानना था कि चूंकि उसके पिता का परिवार ही दादी की देखभाल और दवा-इलाज का खर्च उठा रहा है, इसलिए संपत्ति में उसके चाचा का कोई हिस्सा नहीं होना चाहिए।

बाबा की मौत के बाद जमीन के सरकारी दस्तावेजों में दादी का नाम दर्ज था। आरोपी लगातार दबाव बना रहा था कि दादी के नाम दर्ज जमीन उसे वरासत कर दी जाए। इसी बात को लेकर घर में कई बार विवाद भी हुआ था। पूछताछ में जयगोविंद ने बताया कि शुक्रवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा था।
जमीन के हस्तांतरण के लिए दादी से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर नशे में धुत आरोपी ने अपनी बुजुर्ग दादी पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से सोनमति देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के कुछ लोगों ने मामले को दबाने की कोशिश की और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे थे।
मामला तब खुला जब दूसरे मकान में रहने वाली छोटी बहू उषा ने शव पर चोट के निशान देखे। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और जांच शुरू की। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जयगोविंद को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है: दिनेश कुमार पुरी, एसपी दक्षिणी