March 6, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

सुस्त सर्वर ने किया मायूस नहीं मिली तत्काल की सीटें

Slow server disappointed me, Tatkal seats not available
लखनऊ। आईआरसीटीसी के सुस्त सर्वर के कारण बृहस्पतिवार को तत्काल कोटे की आस लगाकर बैठे यात्रियों को मायूसी हाथ लगी। तत्काल कोटा खुलने के महज पांच मिनट में ही दिल्ली, मुंबई रूट की ट्रेनों की सीटें फुल हो गईं।

वहीं, रेगुलर ट्रेनों में लंबी वेटिंग बनी हुई है। इससे यात्रियों को जनरल बोगियों में सफर के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को तत्काल कोटे में 490 सीटें खाली थीं, जिसमें यात्रियों के हाथ सिर्फ 74 सीटें ही लगीं।

होली के बाद बृहस्पतिवार से दिल्ली व मुंबई लौटने वालों का सिलसिला शुरू हो गया है। चारबाग व लखनऊ जंक्शन सहित राजधानी के सभी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है, जो शुक्रवार से और बढ़ेगी। रेगुलर ट्रेनों में कन्फर्म सीटों की मारामारी के चलते बृहस्पतिवार सुबह यात्रियों ने तत्काल कोटे में टिकट बुक कराने का प्रयास किया। शुक्रवार को लखनऊ से दिल्ली व मुंबई जाने वाली ट्रेनों में तत्काल कोटे की 490 सीटें रिक्त थीं। आलमबाग निवासी शरद शुक्ल ने गोमतीनगर से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस की थर्ड एसी के लिए तत्काल में सीट बुक करने का प्रयास किया, लेकिन आईआरसीटीसी के सुस्त सर्वर के चलते उन्हें सीट ही नहीं मिल पाई। टिकट डिटेल भरने के बाद एरर आ गया और पेमेंट भी फेल हो गया।

वह दोबारा प्रयास करते, उससे पहले ही वेटिंग शुरू हो गई। ऐसे ही इंजीनियर नेहा सिंह ने लखनऊ मेल में सेकंड एसी में टिकट बुक कराने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी सफलता हाथ नहीं लगी। अब वह शुक्रवार को दोबारा तत्काल कोटे के लिए प्रयास करेंगी, ताकि शनिवार को यात्रा कर गंतव्य तक पहुंच सकें।