
जुलूस का नेतृत्व होली समिति के अध्यक्ष गोविंद्र शर्मा, पार्षद व संयोजक अनुराग मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार वर्मा, ओम प्रकाश दीक्षित, अमित टंडन और राज बाबू रस्तोगी सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों ने किया। जुलूस चौक स्थित कोनेश्वर मंदिर से शुरू होकर पं. अमृत लाल नागर चौक, कमला नेहरू मार्ग, मेडिकल क्रासिंग, विक्टोरिया स्ट्रीट, मेफेयर तिराहा, अकबरी गेट, तहसीन मस्जिद, गोटा बाजार और चौक सर्राफा होते हुए पुनः पं. अमृत लाल नागर चौक पर सम्पन्न हुआ।
जुलूस में राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा और भाजपा नेता नीरज सिंह भी शामिल हुए। सभी ने पद्म विभूषण पं. अमृत लाल नागर और पूर्व सांसद लालजी टंडन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर लोगों को होली की बधाई दी।
जुलूस के दौरान गायकों की टोलियों ने फाग गीतों से माहौल को उत्सवमय बनाए रखा, वहीं मुस्लिम समाज के लोगों ने भी जगह-जगह फूलों से स्वागत कर लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की। चौक सब्जी मंडी, विक्टोरिया स्ट्रीट, अकबरी गेट और सराय तहसीन समेत कई स्थानों पर व्यापार मंडलों और स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।
समापन के अवसर पर समिति की ओर से ‘होरियारा सम्मान’ भी प्रदान किया गया। आकर्षक वेशभूषा के लिए उत्तम कपूर और आनंद रस्तोगी को 11-11 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। करीब 200 वर्षों की परंपरा से जुड़ा चौक का यह होली मेला नवाबी दौर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है। देर रात तक चले इस आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापार मंडलों की ओर से होली मिलन कैम्प लगाए गए, जहां लोगों को ठंडाई, खस और गुलाब का शरबत तथा पान खिलाकर बधाई दी गई। रंग खेलने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने कोनेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन भी किए।
शुभ संस्कार समिति की ओर से आयोजित 52वां होली का जुलूस धूमधाम से निकाला गया। लक्ष्मीकांत पांडेय के नेतृत्व में चली निकली बरात में राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और अन्य गणमान्य मेडिकल चौराहे पर शामिल हुए। सुबह 9:30 बजे चौपटिया से बरात निकली और भोलानाथ कुआं, अकबरी गेट, विक्टोरिया स्ट्रीट होते हुए मेडिकल कॉलेज चौराहे पहुंची। समिति के महामंत्री रिद्धि किशोर गौड़, उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल सहित सभी लोगों का स्वागत पार्षद बाबू फैज और सलमान ने फूलों की होली खेल कर किया गया। इस दौरान शिवनारायण अग्रवाल, श्यामू मिश्रा, दिलीप मिश्रा, श्यामू यादव, प्रशांत मिश्रा और शाहिद समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

More Stories
मुस्कान की अर्धशतकीय पारी से सेंट्रल जोन की शानदार जीत
13 साल के विशेष का बल्ला गरजा, जूनियर लीग में जड़ा दोहरा शतक
चाइनीज मांझे से युवक की गर्दन कटी, 16 टांके लगे, अज्ञात पर हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज