March 7, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

एलपीजी बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव, अब 21 दिन से पहले नहीं बुक होगा गैस सिलिंडर, CNG-PNG पर भी असर

Kanpur change in LPG booking rules now gas cylinders cannot be booked before 21 days CNG-PNG also affected

वैश्विक युद्ध और तेजी से बदल रहे हालात का असर अब रसोई तक पहुंचने लगा है। गैस कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग के नियमों में बदलाव करते हुए अंतिम डिलीवरी के बाद अगली बुकिंग के लिए 21 दिन का अंतराल अनिवार्य कर दिया है। अभी तक यह सिर्फ 15 दिन का था। इसका सीधा असर जिले के करीब 13 लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

नियम बदलने के बाद अब उपभोक्ताओं को छह दिन अधिक इंतजार करना पड़ेगा।  गैस कंपनियों का तर्क है कि वैश्विक युद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस सप्लाई चेन पर बढ़ते दबाव के कारण यह फैसला अस्थायी तौर पर लिया गया है। वैश्विक हालात सामान्य होने पर इसमें बदलाव किया जा सकता है।

घरेलू बजट और रसोई की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
एलपीजी वितरक संगठन के संरक्षक भारतीष मिश्रा ने बताया कि इसका उद्देश्य सीमित आपूर्ति के बीच सभी उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना और घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देना है। इस फैसले से शहर के उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। कई इलाकों में पहले से ही गैस सिलिंडर की डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में बुकिंग के लिए अतिरिक्त इंतजार बढ़ने से घरेलू बजट और रसोई की व्यवस्था दोनों प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है

सीएनजी-पीएनजी आपूर्ति पर भी पड़ सकता असर
वैश्विक युद्ध का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है। एलएनजी की आपूर्ति कम होने की आशंका के बीच देश में सीएनजी और पीएनजी सप्लाई प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। इसका असर कानपुर पर भी पड़ सकता है, जहां दो लाख से अधिक सीएनजी वाहन और करीब एक लाख उपभोक्ता पीएनजी पर निर्भर हैं। उद्योग सूत्रों के अनुसार कई औद्योगिक सेक्टरों में गैस सप्लाई पहले ही करीब 40 प्रतिशत तक घटाई जा चुकी है। यदि अंतरराष्ट्रीय हालात और बिगड़ते हैं तो उद्योगों को मिलने वाली गैस और कम की जा सकती है।