
यात्री भार बढ़ने के कारण रेलवे ने होली के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली के लिए सात, आठ, नौ और दस मार्च को ट्रेनें चलेंगी। उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने यह जानकारी दी है। ट्रेन संख्या 04163 कानपुर सेंट्रल से सात, आठ और नौ मार्च को रवाना होगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 04164 नई दिल्ली से आठ, नौ और दस मार्च को चलेगी। इन ट्रेनों में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें नौ स्लीपर और नौ सामान्य कोच शामिल हैं। कानपुर सेंट्रल से यह ट्रेन रात साढ़े दस बजे चलकर अगली सुबह साढ़े सात बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह साढ़े नौ बजे चलकर शाम साढ़े चार बजे कानपुर सेंट्रल आएगी। यह ट्रेन पनकीधाम और अलीगढ़ होते हुए जाएगी
गुवाहाटी से दिल्ली के लिए वनवे ट्रेन
रेलवे ने 05699 गुवाहाटी-दिल्ली वनवे विशेष ट्रेन भी चलाई है। यह ट्रेन आठ मार्च को गुवाहाटी से दिल्ली के लिए रवाना होगी। यह गोविंदपुरी होकर दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें एसी प्रथम, द्वितीय, तृतीय, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। यह गुवाहाटी से रविवार रात साढ़े नौ बजे चलकर मंगलवार सुबह 04:05 बजे गोविंदपुरी आएगी। इसके बाद यह दोपहर एक बजे दिल्ली पहुंचेगी।