March 7, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

मार्च के अंत तक 40 डिग्री पहुंचेगा पारा, ट्रफ लाइन बनने से बढ़ेगी चिपचिपी गर्मी, पढ़ें अलर्ट

Kanpur Weather Temperatures will reach 40 degrees by end of March with a trough forming increasing sticky heat

कानपुर में हवाओं की रफ्तार कम होने से एक सप्ताह में कड़ी धूप के साथ चिपचिपी गर्मी भी पड़नी शुरू हो जाएगी। माैसम विभाग के अनुसार, अरब सागर से एंटी साइक्लोन यानि प्रति चक्रवात उठने की वजह से वहां से नम हवाएं बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश होते हुए मध्य क्षेत्र की ओर बढ़ रही हैं। इससे उमस बढ़ेगी। 15 मार्च के करीब तक दिन का पारा 35 डिग्री के आसपास, जबकि आखिरी मार्च तक 40 डिग्री सेल्सियस तक पारा जा सकता है

शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया, जबकि रात का पारा 1.3 डिग्री बढ़कर 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। माैसम विशेषज्ञ डाॅ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पिछले पांच दिनों तक हवा की रफ्तार 10 से 12 किमी प्रति घंटी थी, जो घटकर मात्र 5.3 किमी प्रति घंटा रह गई है। धीरे-धीरे इसमें और भी कमी आएगी। इसके साथ ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है।

दिन में तेज धूप निकलने की संभावना
बताया कि मध्य क्षेत्र के ऊपर ट्रफ लाइन यानि बादलों की रेखा बनने लगी है, जो कड़ी धूप के साथ नमी में इजाफा करेगी। इससे उमस बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि सात मार्च से कानपुर मंडल सहित मध्य उत्तर प्रदेश में सुबह से दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है। उतर पश्चिमी हवाओं की गति लगभग एक से पांच किमी प्रति घंटा के बीच रह सकती हैं, जिसके कारण गर्मी बढ़ने की संभावना आगे आने वाले दिनों बन रही है।

प्रदेश के सबसे गर्म टाॅप पांच जिले

  • झांसी- 36.2 डिग्री।
  • आगरा- 35.5 डिग्री।
  • बांदा-35.4 डिग्री।
  • हमीरपुर-34.2 डिग्री।
  • अलीगढ़-33.4 डिग्री

इसे कहते हैं एंटी साइक्लोन
माैसम विभाग के अनुसार, एंटी साइक्लोन (प्रति-चक्रवात) एक ऐसी मौसम प्रणाली है जिसके केंद्र में हवा का दबाव अधिक और परिधि की ओर हवा का दबाव कम होता है। इसमें हवा केंद्र से बाहर की ओर चलती है। इसके चलने से माैसम शुष्क रहता है।