
यूपीएससी की परीक्षा 2025 के परिणाम शुक्रवार को घोषित हुए। इसमें आईआईटी बीएचयू से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक टॉपर रहे पुरु दुबे को यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 86वीं रैंक मिली है। अंबेडकर नगर निवासी पुरु का चयन आईएएस के लिए हुआ है। पुरु ने 2021 में आईआईटी बीएचयू से बीटेक पूरा किया था और दीक्षांत समारोह में उन्हें दो गोल्ड मेडल और दो कैश प्राइज से सम्मानित किया गया था। इससे पहले उन्होंने दो बार यूपीएससी परीक्षा में साक्षात्कार दिया था।
वहीं, वाराणसी की श्रुति ओला ने 329वीं रैंक हासिल कर अपने माता-पिता और शहर का नाम रोशन किया। श्रुति के पिता सुरेंद्र यादव एनटीपीसी रेलवे के ठेकेदार हैं और माता रेनु यादव वाराणसी के काशी विद्यापीठ ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य हैं। श्रुति ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा सेंट जोसेफ स्कूल, शक्तिनगर से प्राप्त की। हाईस्कूल में 80 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 76 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण हुई।