February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

कानपुर: तंत्र-मंत्र के शक में पड़ोसी महिला ने मासूम को अगवा किया, बेड बॉक्स में बेहोश मिला बच्चा; परिवार का बलि की साजिश का आरोप, पुलिस पर ढील का इल्जाम

कानपुर

 हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक निसंतान पड़ोसी महिला पर मोहल्ले के मासूम बच्चे का अपहरण करने का आरोप लगा है। परिवार का दावा है कि महिला तंत्र-मंत्र करती है और बच्चे को बलि देने या तांत्रिक क्रिया के लिए अगवा किया गया था। बच्चा पड़ोसी के घर में बने बेड के अंदर बेहोशी की हालत में मिला। घटना के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य होने पर घर लाया गया। फिलहाल बच्चा डरा-सहमा हुआ है।

परिवार की शिकायत – पुलिस ने शुरू में दी थी कार्रवाई की गारंटी, अब बरत रही ढिलाई पीड़ित कमल चंद्र शुक्ला के परिवार ने बताया कि उनका नाबालिग बेटा घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक गायब हो गया। घंटों खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। संदेह के आधार पर पड़ोसी महिला के घर की तलाशी ली गई तो हर कोई हैरान रह गया। बच्चा घर में रखे बेड बॉक्स के अंदर बंद और बेहोश हालत में मिला।

परिवार का आरोप है कि आरोपी महिला निसंतान है और अक्सर तंत्र-मंत्र की क्रियाएं करती रहती है। उन्होंने महिला पर बच्चे की बलि देने की साजिश रचने का गंभीर इल्जाम लगाया है। परिवार में पुलिस के रवैये को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि शुरू में पुलिस ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन अब मामले में ढिलाई बरती जा रही है और आरोपी महिला के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।

पुलिस का पक्ष पुलिस अधिकारियों ने ऐसे किसी तांत्रिक साजिश के आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि बच्चा सकुशल बरामद हो गया है और मामले की जांच जारी है। हालांकि, परिवार की शिकायतों के मद्देनजर आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

यह घटना क्षेत्र में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र जैसी कुप्रथाओं की ओर इशारा करती है, जो कभी-कभी निर्दोषों की जान पर बन आती हैं। पुलिस से उम्मीद है कि जल्द ही न्याय मिलेगा।