
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 फरवरी को प्रस्तावित मेरठ दौरे को लेकर बुधवार को एसपीजी कमांडो ने डेरा डाल दिया। मोहिउद्दीनपुर में जनसभा स्थल के बाद शताब्दीनगर और मेरठ साउथ मेट्रो स्टेशनों के अलावा हेलिपैड का भी एसपीजी ने निरीक्षण किया। इस दौरान बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड के साथ पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद थे।
एसपीजी के अधिकारियों ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर जहां मेट्रो स्टेशन में प्रवेश और निकास द्वार के रास्तों की जांच की। यहां पर बारीकी से जांच करने के उपरांत टीम ने स्टेशन के पास ही बने हेलिपैड का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद एसपीजी अधिकारियों की टीम दोपहर 12 बजे मेरठ साउथ स्टेशन पर पहुंची। टीम ने यहां पर एक घंटे तक सुरक्षा की दृष्टि से हर पहलुओं को जाना। एनसीआरटीसी के अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा भी की।
20 से एसपीजी पूरी तरह संभाल लेगी कमान
पीएम की सुरक्षा में लगी एसपीजी और अन्य कई फोर्स 20 फरवरी से ही कार्यक्रम स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल लेगी। जिसमें एसपीजी, एटीएस, केंद्रीय व राज्य खुफिया एजेंसियां और उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान शामिल होंगे। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बारीकी से निगरानी की जाएगी।
