
दंपती को घायल करने के बाद आरोपी शाहनवाज की प्लाईवुड की दुकान में घुस गया। वहां भगदड़ मचने के बाद वह पावली खास निवासी ई-रिक्शा चालक तौसीन के पीछे दौड़ा। तौसीन अपनी जान बचाने के लिए एक बेसमेंट में छिप गया लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और तौसीन पर सिर और शरीर पर करीब 5 वार किए। इसके बाद आरोपी ने पल्हैड़ा निवासी आरिफ को भी हमला कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल तौसीन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने तौसीन के भाई मिजुद्दीन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले व अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
आरोपी के लगातार हमलों से गुस्साए स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडे लेकर उसकी घेराबंदी की और उसे दबोच लिया। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। यह घटना मोदीपुरम पुलिस चौकी से मात्र 50 मीटर की दूरी पर हुई लेकिन लोगों का आरोप है कि पुलिस 20 मिनट की देरी से पहुंची। अगर पुलिस समय पर आती तो इतने लोग घायल न होते।
पुलिस ने आरोपी का दौराला में प्राथमिक उपचार कराया और फिर थाने ले आई। आरोपी की पहचान राहुल निवासी देवबंद के रूप में हुई है पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने केवल इतना बताया कि वह साहिबाबाद में मजदूरी करता है लेकिन वह यहां क्यों आया और लोगों पर हमले क्यों किए। इस संबंध में आरोपी कोई जवाब नहीं दे रहा था। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि आरोपी नशेड़ी प्रवृत्ति का लग रहा है। उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और विस्तृत पूछताछ जारी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी की रास्ते में किसी युवक से कहासुनी हुई थी जिसने उसे थप्पड़ मार दिया था। इसी बात से बौखलाकर उसने हमला किया।
