जौनपुर जनपद के महत्वपूर्ण संस्थानों, दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन के गेट संख्या एक को बम से उड़ाने की धमकी भरे पांच ई-मेल ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। ई-मेल में 17 फरवरी की दोपहर धमाका करने की चेतावनी दी गई थी, जिसे पुलिस महकमे ने बेहद गंभीरता से लिया है। मामले की तह तक जाने के लिए बुधवार को लखनऊ से एटीएस (एटीएस) की टीम भी जौनपुर पहुंच गई
क्या है पूरा मामला
लाइन बाजार थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, धमकी देने वालों ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। ई-मेल में जिक्र किए गए पांच मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने सरपतहां क्षेत्र से पांच बेरोजगार युवकों को हिरासत में लिया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में ये युवक खुद को निर्दोष बता रहे हैं, लेकिन एटीएस उनके और ई-मेल भेजने वाले के बीच के कनेक्शन को खंगाल रही है।
वाराणसी से आई डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली। जौनपुर एसपी कुंवर अनुपम सिंह के अनुसार, पांच अलग-अलग आईडी से पांच ई-मेल भेजे गए हैं। साइबर सेल और एसओजी टीमें ई-मेल कहां से आए और इन्हें किसने भेजा है, इसका पता लगा रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।